आरकेएम पावर प्लांट में दर्दनाक हादसा: लिफ्ट गिरने से 3मजदूरों की मौत, 7 गंभीर रूप से घायल

By Anuj Gupta - EDITOR IN CHIEF
3 Min Read



डभरा (सक्ती)।छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा स्थित आरकेएम पावर प्लांट में मंगलवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के निर्माण कार्य के दौरान ऊंचाई पर काम कर रहे मजदूरों को ले जा रही लिफ्ट अचानक लगभग 40 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को रायगढ़ स्थित फॉर्टिस जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

कैसे हुआ हादसा?



मंगलवार शाम रोज़ की तरह आरकेएम पावर प्लांट में काम चल रहा था। इस दौरान निर्माण कार्य के लिए उपयोग में लाई जा रही लिफ्ट में 10 मजदूर सवार थे, जिन्हें करीब 75 मीटर की ऊंचाई तक ले जाया जा रहा था। लिफ्ट जैसे ही 40 मीटर की ऊंचाई पर पहुंची, उसका केवल (Wire Rope) अचानक टूट गया, जिससे लिफ्ट सीधा नीचे गिर पड़ी। लिफ्ट में सवार सभी 10 मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

तीन की मौत, सात घायल



हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृत मजदूरों की पहचान अंजनी कुमार, मिश्रीलाल और रविंद्र कुमार के रूप में हुई है। बाकी सात मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं।

आईसीयू में दो मजदूर, बाकी की हालत भी नाज़ुक



घायल मजदूरों में बबलू प्रसाद गुप्ता, राम सिंह, विजय सिंह, संजय कुमार, राम केश, रतन और बलराम शामिल हैं। इनमें रतन और बलराम की हालत बेहद नाजुक है, जिन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। बाकी मजदूरों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।

रेस्क्यू और अस्पताल में इलाज जारी



घटना के तुरंत बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, फिर वहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ के फॉर्टिस जिंदल अस्पताल रेफर किया गया।

प्रशासन ने शुरू की जांच, लापरवाही की आशंका



इस दर्दनाक हादसे के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या प्लांट प्रबंधन ने सुरक्षा के मानकों का पालन किया था या नहीं। फिलहाल प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। संभावना जताई जा रही है कि लिफ्ट की नियमित जांच और मेंटेनेंस नहीं होने की वजह से यह हादसा हुआ।

प्लांट प्रबंधन मौन, मजदूरों में आक्रोश*



घटना के बाद से प्लांट प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, मृतकों और घायलों के परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है। मजदूर संगठनों ने इस घटना को लापरवाही का नतीजा बताया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

अनुज गुप्ता की रिपोर्ट

Share This Article
EDITOR IN CHIEF
Follow:
SARTHAK NEWS CG